राहत व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को रुदौली तहसील के कैथी माझा तथा सोहावल ब्लॉक के मांझा कला सहित संभावित बाढ़ प्रभावित और तराई क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नाव से बाढ़ प्रभावित गांवों का भ्रमण कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता तथा खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार गुप्ता भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शौचालय, प्रधानमंत्री आवास, शुद्ध पेयजल, संपर्क मार्ग और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
डीएम ने सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थलीय सत्यापन कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किए जाएं तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समयबद्ध तरीके से खाद्यान्न, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
उन्होंने बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था और आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था, कैथी माझा में सोलर लाइट व्यवस्था को और मजबूत करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट उपलब्ध रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ से बचाव, राहत एवं बचाव कार्य, पेयजल आपूर्ति और आवागमन की व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।







