असेनी मोड़ पर चिकित्सा व फलाहार शिविर शुरू
एडीएम ने किया शुभारंभ, स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवाएं, पेयजल व फलाहार की व्यवस्था
बाराबंकी। श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने रविवार को असेनी मोड़ पर चिकित्सा शिविर एवं फलाहार (भंडारा) शिविर का शुभारंभ किया। यह पहल जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देश पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल के नेतृत्व में शुरू की गई।
शिविर का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा ने संयुक्त रूप से किया।
चिकित्सा शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम कांवड़ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दे रही है। जरूरतमंद श्रद्धालुओं को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही यात्रियों के लिए फल, पेयजल और अन्य जलपान की भी व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर एडीएम निरंकार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ संचालित की जाएं। उन्होंने मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सहायता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन ने कहा कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन सेवा, सुरक्षा और सुविधा के संकल्प के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है।







