मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया जलाभिषेक
बाराबंकी। सावन माह के प्रथम सोमवार पर तहसील क्षेत्र के तासीपुर स्थित प्राचीन बुढ़वा बाबा शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। सुबह करीब तीन बजे से शुरू हुआ भगवान शिव का जलाभिषेक देर शाम तक लगातार चलता रहा। मंदिर परिसर और कल्याणी नदी तट दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने सबसे पहले कल्याणी नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद गंगाजल एवं पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। दर्शन-पूजन के लिए क्षेत्र ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से भी हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, जिससे पूरे दिन मेले जैसा वातावरण बना रहा।
सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी कल्याणी तट स्थित प्राचीन बुढ़वा बाबा मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
बुढ़वा बाबा शिव मंदिर क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र माना जाता है। सावन माह में यहां प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।







