लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात भैंस से टकराकर घायल हुए बाइक सवार युवक की शनिवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा स्कूटर इंडिया-पिपरसंड रोड पर गहरु गांव के पास हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक बंथरा के लोनहा गांव निवासी सचिन कनौजिया (37) आशियाना स्थित एलडीए कॉलोनी में लॉन्ड्री की दुकान चलाता था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह बाइक से दुकान बंद कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गहरु गांव के पास अचानक सड़क पर एक भैंस आ गई, जिससे सचिन की बाइक उससे टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल सचिन को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर बाद में उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां शनिवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सचिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक के परिवार में पत्नी नीलम और एक मासूम बच्ची है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।





















