अयोध्या में रविवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। हादसा पूराकलंदर थाना क्षेत्र के इटौरा गांव के पास सूर्यकुंड-भरतकुंड मार्ग पर हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से मंडलीय चिकित्सालय दर्शन नगर पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 25 वर्षीय आदित्य उर्फ बंटी और प्रिंस यादव उर्फ रिशू के रूप में हुई है। दोनों इटौरा गांव और उसके मजरे उघड़पुर के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी जैसे ही परिजनों और गांव के लोगों को हुई, परिवारों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।





















