रेल परिचालन की निगरानी तेज
29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका, यात्रियों को ट्रेन की स्थिति पता कर यात्रा करने की सलाह
पीडीडीयू नगर। चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव और मौसम विभाग की ओर से पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश तथा गरज-चमक की आशंका के मद्देनजर पूर्व मध्य रेलवे का पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल अलर्ट हो गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों का परिचालन सुचारु बनाए रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।
रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल के विभिन्न रेलखंडों में ट्रैक, सिग्नल प्रणाली, स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म शेड और यात्री सुविधाओं की निगरानी की जाएगी। भारी बारिश से संभावित जलभराव और तेज हवाओं के प्रभाव को देखते हुए रेल पटरियों के आसपास पेड़ों की छंटाई, ओवरहेड विद्युत तारों की सुरक्षा तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आपात स्थिति से निपटने की तैयारी
मौसम खराब होने की स्थिति में रेल परिचालन प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों और आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात परिस्थितियों में तकनीकी दिक्कतों से निपटने के लिए टावर वैगन की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। रेल प्रशासन संभावित परिस्थितियों पर नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार कदम उठाने की तैयारी में है।
इसके साथ ही ट्रेनों के परिचालन में संभावित बदलावों को लेकर भी सतर्कता बरती जा रही है। जरूरत पड़ने पर दूसरे रेल मंडलों के साथ समन्वय स्थापित कर परिचालन संबंधी निर्णय लिए जाएंगे, ताकि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेल सेवाओं का संचालन किया जा सके।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जानने की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम की आशंका को देखते हुए यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस), रेलवन ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 की मदद ली जा सकती है।
यात्रियों को स्टेशन पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।





















