टूटने से बचा परिवार
धीना थाने के मिशन शक्ति केंद्र ने आपसी विवाद सुलझाया, बिना दबाव साथ रहने को राजी हुए पति-पत्नी
चंदौली। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही चंदौली पुलिस पारिवारिक रिश्तों को टूटने से बचाने की दिशा में भी पहल कर रही है। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत थाना धीना स्थित मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने आपसी विवाद के चलते अलग रह रहे एक दंपती के बीच सुलह कराकर उनका परिवार बिखरने से बचा लिया। पुलिस के समझाने-बुझाने पर दोनों पति-पत्नी आपसी मतभेद भुलाकर फिर से साथ रहने को राजी हो गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन नवंबर को पति और उसके परिजनों के विरुद्ध पारिवारिक विवाद को लेकर मिले प्रार्थना पत्र के आधार पर मिशन शक्ति केंद्र ने कार्रवाई की। दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना देकर थाने बुलाया गया। यहां मिशन शक्ति टीम ने पति-पत्नी और उनके परिजनों की बात सुनी तथा उन्हें पारिवारिक मूल्यों, आपसी विश्वास और रिश्तों के महत्व को समझाया।
काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने अपने मतभेद दूर करने पर सहमति जताई। दंपती ने अपनी पुरानी बातों और गलतियों को स्वीकार करते हुए बिना किसी दबाव के नए सिरे से पति-पत्नी के रूप में एक-दूसरे का सम्मान करने और साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने दोनों को उनके परिजनों के साथ हंसी-खुशी विदा किया।





















