सैयदराजा पुलिस ने 25 मुकदमों से संबंधित अंग्रेजी-देशी शराब और बीयर का कराया विनष्टीकरण, न्यायालय से अनुमति के बाद हुई कार्रवाई
चंदौली। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत मुकदमों से संबंधित जब्त माल के निस्तारण की कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में सैयदराजा पुलिस ने 25 मुकदमों से संबंधित कुल 24,247 लीटर अवैध अंग्रेजी-देशी शराब और बीयर का विधिक प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण कराया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 94 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया और क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद पांच नवंबर को गठित टीम की मौजूदगी में जब्त शराब को नष्ट कराया गया। इसमें 22,915 लीटर अवैध अंग्रेजी-देशी शराब और 1,332 लीटर बीयर शामिल थी। इस प्रकार कुल 24,247 लीटर शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कर लंबे समय से मुकदमों से संबंधित माल के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई।
विनष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, सहायक अभियोजन अधिकारी विजय पाण्डेय, आबकारी निरीक्षक कनीज फातिमा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के लिपिक दिलीप कुमार और हेड कांस्टेबल दिनेश उपाध्याय मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार ऑपरेशन क्लीन का उद्देश्य थानों में लंबे समय से जमा मुकदमों से संबंधित माल और अवैध सामग्री का नियमानुसार निस्तारण करना है। अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





















