थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का दिया निर्देश
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। एसपी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र के संबंध में संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता की। उन्होंने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना और पीड़ितों को न्याय दिलाना चंदौली पुलिस की प्रमुख प्राथमिकता है।
एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में आने वाले नागरिकों और फरियादियों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसके तथ्यों एवं गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्राप्त सभी 20 प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया।





















