ताहिरपुर-मिल्कीपुर हाईवे पर पुलिस की छापेमारी, 800 रुपये नकद और गांजे की पुड़ियां बरामद
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने शुक्रवार को ताहिरपुर-मिल्कीपुर हाईवे के किनारे एक गुमटी में गांजा बेच रहे युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 730 ग्राम अवैध गांजा और 800 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर से करीब 50 मीटर आगे स्थित गुमटी पर छापेमारी की। पुलिस को मौके पर विनोद यादव (40) निवासी सलारपुरा पंचकोशी, थाना सारनाथ, वाराणसी गांजे की पुड़ियां बेचते हुए मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से सफेद सिल्वर पेपर और काली पन्नी में रखी गांजे की पुड़ियां बरामद हुईं। इनका कुल वजन 1,730 ग्राम निकला। पुलिस ने 800 रुपये नकद भी बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आर्थिक लाभ कमाने के लिए गांजे की छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर ऊंचे दामों पर बेचता था। शुक्रवार को भी वह गुमटी पर गांजा बेच रहा था। पुलिस ने इस मामले में मुगलसराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 587/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मुकदमा दर्ज किया है।





















