शहाबगंज कस्बे में पुलिस की छापेमारी, विभिन्न कंपनियों के 56 से अधिक पैकेट जब्त
चंदौली। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को शहाबगंज पुलिस ने कस्बे में बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 20 किलो 100 ग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और अश्विन सिंह उर्फ विशाल सिंह (30) निवासी शहाबगंज को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से रॉकेट, फूलझड़ी, क्रैक किंग, बुलेट, फ्लावर पॉट, ड्रैगन फाइट और मुर्गा छाप सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। पुलिस के अनुसार बरामद पटाखों का कुल वजन 20.100 किलोग्राम है। विभिन्न कंपनियों के 56 से अधिक पैकेट भी जब्त किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ शहाबगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 140/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस और 9बी(2) विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव और शिवपूजन सिंह, कांस्टेबल ब्रजेश कुमार एवं सुमित पाण्डेय तथा हेड कांस्टेबल गौरीशंकर यादव शामिल रहे।





















