मैजिक पिकअप के डाले में लोहे की प्लेट के नीचे बनाया था विशेष चैंबर, अम्बिकापुर से वाराणसी ले जाई जा रही थी गांजे की खेप
चंदौली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मैजिक पिकअप वाहन में विशेष गुप्त चैंबर बनाकर गांजे की तस्करी करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 33 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जयमोहनी रेंज के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मधुपुर की ओर जा रहे एक मैजिक पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में वाहन में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन गहन तलाशी लेने पर पुलिस को वाहन के डाले की सतह पर लगी लोहे की प्लेट के नीचे विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चैंबर दिखाई दिया। पुलिस ने प्लेट हटाकर चैंबर खोला तो उसमें प्लास्टिक और टेप से लिपटे गांजे के 33 बंडल मिले। तहसीलदार नौगढ़ की मौजूदगी में बरामद गांजे का वजन कराया गया, जो कुल 33 किलो 500 ग्राम निकला।
पुलिस ने मौके से वाहन चालक राजीव कुमार (29) पुत्र रवि कुमार निवासी ग्राम खण्डामौड़ा, थाना बहरागोड़ा, जनपद पूर्वी सिंहभूम, झारखंड को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजे की खेप अम्बिकापुर से लेकर वाराणसी के चांदमारी जा रहा था। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना नौगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 99/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार, उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह और हरिमोहन राम, हेड कांस्टेबल परशुराम तथा कांस्टेबल कोमल परिहार एवं विनोद कुमार शामिल रहे।





















