एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चलाया अभियान, सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी
चंदौली, 6 नवंबर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की पुलिस टीमें बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं तथा बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर रही हैं।
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाओं के उद्देश्य और लाभ बताए गए। पुलिसकर्मियों ने पात्र महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान महिलाओं को उनके संरक्षण के लिए बनाए गए प्रमुख कानूनी प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम-2013 तथा दहेज निषेध अधिनियम-1961 के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम-1994 के प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया गया।
अभियान के आगामी चरण में साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा। महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। इसके अलावा थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सहायता एवं सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है।





















