पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचता था गांजा, 800 रुपये नकद भी बरामद
मुगलसराय। स्थानीय पुलिस ने ताहिरपुर-मिल्कीपुर हाईवे के किनारे स्थित एक गुमटी में छापेमारी कर गांजा बेचने के आरोप में वाराणसी निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 730 ग्राम अवैध गांजा और 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्राथमिक विद्यालय ताहिरपुर से करीब 50 मीटर आगे स्थित गुमटी पर छापेमारी की। मौके से विनोद यादव (40) पुत्र स्वर्गीय छोटेलाल यादव निवासी सलारपुरा पंचकोशी, थाना सारनाथ, वाराणसी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक लाभ कमाने के लिए गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से गांजे के साथ 800 रुपये नकद भी बरामद हुए। इस मामले में मुगलसराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 587/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में केस दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी औद्योगिक नगर सूरज रावत, हेड कांस्टेबल राकेश सिंह और कांस्टेबल सुनील गुप्ता शामिल रहे।





















