नौ जिलों में 35 मुकदमे दर्ज, चंदौली में 628 किलो पटाखे जब्त; देव दीपावली तक जारी रहेगा अभियान
चंदौली। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ वाराणसी जोन पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया है। अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा के निर्देशन में जोन के नौ जनपदों में की गई कार्रवाई के दौरान सवा करोड़ रुपये से अधिक कीमत के करीब 130 क्विंटल अवैध पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में 35 मुकदमे दर्ज कर 48 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। चंदौली में भी पुलिस ने दो मुकदमों में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर 628 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, भदोही में सर्वाधिक 3,417 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। यहां छह मुकदमों में आठ आरोपित गिरफ्तार हुए। मऊ में आठ मुकदमों में आठ आरोपितों के कब्जे से 2,377 किलोग्राम, बलिया में चार मुकदमों में दस आरोपितों से 2,241 किलोग्राम, मीरजापुर में छह मुकदमों में छह आरोपितों से 1,313 किलोग्राम और आजमगढ़ में चार मुकदमों में पांच आरोपितों से 1,055 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए।
इसी तरह जौनपुर में 949 किलोग्राम, सोनभद्र में 918 किलोग्राम, चंदौली में 628 किलोग्राम और गाजीपुर में 523 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। सभी आरोपितों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा ने पटाखा कारोबारियों और व्यापार संघों से अपील की है कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री न करें। उन्होंने कहा कि अस्पतालों, स्कूल-कॉलेजों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों का असुरक्षित भंडारण बड़े हादसों का कारण बन सकता है। पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। इसके लिए एनओसी और वैध लाइसेंस होना जरूरी है। दुकानों पर अग्निशमन यंत्र सहित अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखने और लाइसेंस में निर्धारित मात्रा एवं शर्तों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियों के साथ पर्यावरण, स्वास्थ्य और जनसुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है। सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों के अनुरूप ही पटाखों की बिक्री की जाए। रिहायशी इलाकों से दूर खुले मैदानों में अग्निशमन की समुचित व्यवस्था के साथ दुकानें लगाई जाएं। एडीजी ने स्पष्ट किया कि अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ वाराणसी जोन के सभी जनपदों में अभियान देव दीपावली तक जारी रहेगा।





















