20 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग, हाईस्कूल से बीटेक, आईटीआई और डिप्लोमा उत्तीर्ण युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर
चंदौली। बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत चार नवंबर को मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से यह मेला लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नियामताबाद (चकिया रोड) में आयोजित होगा। इसमें 20 से अधिक निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शामिल होने का अवसर मिलेगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय के अनुसार रोजगार मेले में विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सुब्रोस प्राइवेट लिमिटेड, आनंदी सोलर एनर्जी, महादेव हनुमत विजय प्लेसमेंट सर्विस, सिस्का इलेक्ट्रिकल एंड मैनेजमेंट इंटरप्राइजेज तथा जेपी बीएमजी एमकेटी सहित 20 से अधिक कंपनियां हिस्सा लेंगी। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और कौशल के आधार पर चयन कर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटेक, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साथ कौशल विकास मिशन के विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त युवा भी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद पोर्टल पर रोजगार मेले की जानकारी उपलब्ध होगी, जहां से इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे चार नवंबर को सुबह 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचें। अपने साथ शैक्षिक अंकपत्रों एवं प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां, बायोडाटा और चार पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लेकर आएं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।





















