सहरसा, दरभंगा, पूर्णिया, गया और कोलकाता के यात्रियों को मिलेगी राहत, नवंबर में अलग-अलग तारीखों पर होगा परिचालन
हाजीपुर/पीडीडीयू नगर। दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने लुधियाना और पूर्व मध्य रेल के विभिन्न स्टेशनों के बीच छह फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के परिचालन से पंजाब और बिहार के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। सहरसा, दरभंगा, पूर्णिया, गया और कोलकाता के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा सरहिंद-सहरसा और सहरसा-अंबाला कैंट के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी संचालित होंगी।
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 04656 लुधियाना-सहरसा स्पेशल छह, नौ और 11 नवंबर को लुधियाना से रवाना होगी। यह अगले दिन हाजीपुर होते हुए रात 11:50 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04655 सहरसा-लुधियाना स्पेशल आठ, 11 और 13 नवंबर को सहरसा से सुबह 3:50 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04662 लुधियाना-दरभंगा स्पेशल सात, 10 और 11 नवंबर को लुधियाना से चलेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04661 दरभंगा-लुधियाना स्पेशल आठ, 11 और 12 नवंबर को दरभंगा से रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04660 लुधियाना-पूर्णिया स्पेशल पांच और नौ नवंबर को संचालित होगी। इसकी वापसी सेवा गाड़ी संख्या 04659 पूर्णिया-लुधियाना स्पेशल छह और 10 नवंबर को उपलब्ध रहेगी।
गया जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 04664 लुधियाना-गया स्पेशल 12 नवंबर को लुधियाना से रवाना होगी। यह अगले दिन वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम और डेहरी ऑन सोन होते हुए सुबह आठ बजे गया पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04663 गया-लुधियाना स्पेशल 13 नवंबर को गया से सुबह 11 बजे प्रस्थान करेगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 04666 लुधियाना-कोलकाता स्पेशल छह नवंबर को लुधियाना से चलेगी और अगले दिन रात 9:45 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04665 कोलकाता-लुधियाना स्पेशल सात नवंबर को रात 11:50 बजे कोलकाता से रवाना होगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 04528 सरहिंद-सहरसा अनारक्षित स्पेशल पांच, नौ और 12 नवंबर को सरहिंद से चलेगी। यह अगले दिन शाम पांच बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04527 सहरसा-अंबाला कैंट अनारक्षित स्पेशल छह, 10 और 13 नवंबर को सहरसा से शाम 7:15 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे के इस निर्णय से दीपावली और छठ के दौरान पंजाब से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है। इन ट्रेनों का परिचालन मानसी, बरौनी, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गोरखपुर और डीडीयू सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों के रास्ते निर्धारित किया गया है।छठ पूजा रेलवे स्पेशल ट्रेन





















