चोरी के चांदी के कड़े और चार हजार रुपये बरामद, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं सात मुकदमे
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर की छत के रास्ते अंदर घुसकर आलमारी में रखे चांदी के कड़े और नकदी चोरी की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए एक जोड़ी चांदी के कड़े और चार हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और गुंडा निवारण अधिनियम समेत पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, जलालपुर दरियापुर गांव निवासी जयशंकर यादव ने 28 अक्टूबर 2026 को सकलडीहा कोतवाली में चोरी की तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात चोर घर की छत के रास्ते अंदर घुस गया और कमरे में रखी आलमारी से एक जोड़ी चांदी के कड़े तथा पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही थी। इसी दौरान दरियापुर गांव निवासी विकाश कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन का नाम प्रकाश में आया। पुलिस टीम ने उसे घरचित नहर मोड़ के पास से सुबह करीब 8:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के चांदी के कड़े और चार हजार रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सियाराम के पुत्र विकाश कुमार (28) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2017 से 2021 के बीच उसके खिलाफ चोरी, चोरी का सामान रखने, आर्म्स एक्ट और उत्तर प्रदेश गुंडा निवारण अधिनियम के तहत सात मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रसाद रावत, विजयशंकर चौहान तथा कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती और प्रश्विन कुमार दूबे शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















