अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश
भूमि कब्जा, राशन और पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायतें पहुंचीं; डीएम ने फोन पर अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनता दर्शन के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि पर कब्जे, राशन, पारिवारिक विवाद समेत विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुरूप किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




















