12 ग्राम हेरोइन के साथ 980 रुपये नकद, मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की बाइक जब्त, आरोपी पर पहले से भी दर्ज है मुकदमा
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पड़ाव स्थित तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोटरसाइकिल खड़ी कर राहगीरों को हेरोइन बेच रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 16 पुड़िया में करीब 12 ग्राम हेरोइन, 980 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात पुलिस टीम पड़ाव चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तारकेश्वर नाथ मंदिर के पास एक युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर हेरोइन की बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान करन चौहान (20) पुत्र कन्हैया चौहान निवासी मढ़िया नई बस्ती, मुगलसराय के रूप में हुई।
पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके लोअर की जेब में रखी प्लास्टिक की पॉलीथिन से कागज की 16 पुड़िया बरामद हुईं। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पुड़िया सहित उनका कुल वजन करीब 12 ग्राम पाया गया। इसके अलावा 980 रुपये नकद और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन मिला। मौके पर खड़ी बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान बाइक का पंजीकरण नंबर यूपी 65 जीएफ 2498 पाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुगलसराय कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।





















