39 पेंशनरों ने ऑफलाइन जमा किया लाइफ सर्टिफिकेट, भभुआ रोड से गया तक विभिन्न स्टेशनों पर लगेंगे शिविर
पीडीडीयू नगर। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत सोमवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन स्थित भारतीय स्टेट बैंक की रेलवे स्टेशन शाखा में शिविर आयोजित किया गया। रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में करीब 22 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन जनरेट किया गया, जबकि 39 पेंशनरों ने ऑफलाइन माध्यम से अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा किया।
शिविर में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की उपयोगिता और इसे ऑनलाइन जनरेट करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से सेवानिवृत्त रेलकर्मी और पारिवारिक पेंशनर घर बैठे अपना वार्षिक जीवन प्रमाण-पत्र ऑनलाइन तैयार कर सकते हैं। इससे उन्हें हर साल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बैंक जाने की अनिवार्यता से राहत मिलती है।
डीडीयू मंडल के कार्मिक विभाग की ओर से अभियान के तहत विभिन्न स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में कल्याण निरीक्षक, वित्त विभाग के नामित वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी और संबंधित बैंकों के अधिकारी आपसी समन्वय से पेंशनरों को डिजिटल प्रमाण-पत्र जनरेट करने में सहायता प्रदान कर रहे हैं।
इसी क्रम में तीन नवंबर को भभुआ रोड, चार नवंबर को सासाराम, पांच नवंबर को डेहरी ऑन सोन और छह नवंबर को गया रेलवे स्टेशन पर शिविर लगाए जाएंगे। मंडल प्रशासन रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के सहयोग से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक सेवानिवृत्त रेलकर्मी और पारिवारिक पेंशनर डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र की सुविधा का लाभ उठा सकें।





















