रुदौली पुलिस की कार्रवाई
सअयोध्या (रुदौली)गलत ऑपरेशन के कारण युवक की मौत के मामले में दर्ज मुकदमे के वांछित आरोपी को रुदौली पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हयातनगर निवासी विनोद कुमार पुत्र माताफेर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हयातनगर स्थित कनाती मस्जिद के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिजनों की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रुदौली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ गलत ऑपरेशन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज है और गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शुजागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह तथा रवि चौधरी शामिल रहे।







