यातायात माह में ऑटो-टोटो चालकों को नुक्कड़ सभा के जरिए किया जागरूक, यातायात नियमों के पालन की दिलाई गई शपथ
चंदौली। यातायात माह के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चंदौली यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को यातायात पुलिस ने ऑटो और टोटो चालकों के साथ नुक्कड़ सभा आयोजित कर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान चालकों को नशे, नींद और तेज रफ्तार से होने वाले हादसों के प्रति आगाह करते हुए यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में यातायात पुलिसकर्मियों ने चालकों को बताया कि वाहन चलाते समय नशे का सेवन करना गंभीर दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। इसी तरह पर्याप्त नींद नहीं लेने और थकान की स्थिति में वाहन चलाना भी जानलेवा साबित हो सकता है। चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, अनावश्यक तेज रफ्तार से बचने तथा सवारी बैठाने और उतारने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।
सभा में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, यातायात संकेतों और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने तथा ऑटो-टोटो में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा में चालकों की जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उनकी छोटी सी लापरवाही न केवल उनकी, बल्कि वाहन में सवार यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है।
यातायात पुलिस ने चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों को केवल कानूनी बाध्यता न समझें, बल्कि इन्हें अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का संकल्प मानें। स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिचितों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें।





















