वाराणसी। चौक थाना पुलिस ने बड़ी पियरी में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को उसके घर के पास से दबोच लिया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के अनुसार, बड़ी पियरी निवासी ममता विश्वकर्मा ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक जुलाई की शाम उनके पड़ोसी रोहित विश्वकर्मा और ऋषभ विश्वकर्मा के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान साजिश के तहत उनके पति सूरज कुमार विश्वकर्मा को घर से बाहर गली में बुलाया गया। आरोप है कि वहां रोहित विश्वकर्मा ने गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल सूरज कुमार को तत्काल कबीरचौरा स्थित पंडित शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़िता की तहरीर पर चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित विश्वकर्मा (26) को बड़ी पियरी स्थित उसके घर के पास वाली गली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। घटना में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








