बाराबंकी। बाराबंकी पुलिस ने सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों की मदद से सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से गुम हुए 83 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सर्विलांस सेल और थाना पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की सहायता से तकनीकी विश्लेषण और ट्रैकिंग कर 83 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए।
रविवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर आलोक कुमार पाठक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल और उसमें सुरक्षित महत्वपूर्ण डेटा वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने बाराबंकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस दौरान पुलिस ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं अथवा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। साथ ही साइबर अपराध से बचाव, साइबर हेल्पलाइन 1930 और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
बाराबंकी पुलिस के अनुसार, पिछले आठ माह में मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत 868 से अधिक मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.73 करोड़ रुपये है, बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। पुलिस ने इसे तकनीक आधारित प्रभावी पुलिसिंग और जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।







