30 टीमें ले रहीं हिस्सा
गोरखपुर। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान में शनिवार से सीबीएसई ईस्ट जोन हॉकी टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। बी.एन. पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के विभिन्न विद्यालयों की करीब 30 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
टूर्नामेंट में सीबीएसई के लखनऊ, प्रयागराज, पटना और रांची क्षेत्रों के स्कूलों के खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में लीग और नॉकआउट मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (गोरक्ष प्रांत) के प्रांत प्रचारक रमेश जी भी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
मीडिया से बातचीत में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर प्रदान करेगी। आगामी तीन दिनों तक रोमांचक मुकाबलों के बीच विजेता टीमों का चयन किया जाएगा।







