गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज; गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित
सुल्तानपुर। जनपद के करौंदीकला थाना क्षेत्र के कम्मरपुर गांव में ग्राम प्रधान मनोज तिवारी के घर रविवार देर रात कुछ अराजक तत्वों द्वारा उत्पात मचाने और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही मामले की जांच की गई और आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।







