दो शातिर चोर गिरफ्तार; चार मोबाइल बरामद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। सरोजनीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सरोजनीनगर के त्रिमूर्ति नगर फेस-1 निवासी राघवेन्द्र प्रताप शाही और शिवपुरी हैडिल कॉलोनी निवासी रामप्रताप सिंह ने गौरी बाजार सब्जी मंडी से अपने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 50 से 60 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद कैलाश विहार मोड़ के पास से झारखंड के साहिबगंज निवासी संजय महतो और लखनऊ के खतरा क्षेत्र निवासी ताजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से आईफोन 11 प्रो, रियलमी, ओप्पो और वीवो कंपनी के कुल चार चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले बाजारों में ग्राहक बनकर जाते थे और मौका मिलते ही लोगों के मोबाइल चोरी कर राहगीरों को बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार संजय महतो के खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी और रांची समेत विभिन्न स्थानों पर चोरी, गैंग संचालन और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।







