ग्रामीणों में आक्रोश
एटा/जलेसर। जलेसर कोतवाली क्षेत्र के नोह खास (नूहखेड़ा) गांव में रविवार शाम करंट दौड़ रहे विद्युत पोल की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप (32) पुत्र जोधन सिंह रविवार शाम करीब पांच बजे खेत से काम कर घर लौट रहे थे। घर के पास गली के मोड़ पर उनका पैर फिसल गया, जिससे उनका हाथ पास खड़े बिजली के पोल से छू गया। पोल में करंट प्रवाहित होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए।
परिजन गंभीर हालत में कुलदीप को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जलेसर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली के पोल में करंट आने की घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई और दोष दूर करने की मांग की है।







