सरोजनीनगर (लखनऊ)। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के शांति नगर में शनिवार रात 45 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उन्नाव जिले के सोहरामऊ निवासी मुकेश आर्य अपनी पत्नी रेनू (45) और बेटे हर्ष के साथ शांति नगर में रहकर कपड़े धोने और प्रेस करने का कार्य करते हैं।
परिजनों ने बताया कि रेनू पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं और उनका डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। शनिवार को मुकेश किसी काम से अपने पैतृक गांव सोहरामऊ गए थे, जबकि शाम के समय बेटा भी घर से बाहर चला गया था।
रात करीब 10 बजे जब हर्ष घर लौटा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। कमरे में पहुंचने पर उसने अपनी मां को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका देखा। उसने तत्काल उन्हें नीचे उतारा और इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में ट्रॉमा सेंटर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







