एक माह बाद मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
सरोजनीनगर (लखनऊ)। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में करीब एक माह पहले सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के मामले में मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के खजुरिया शर्की गांव निवासी शांति, पत्नी ओम प्रकाश गौतम, ने तहरीर देकर बताया कि उनका 21 वर्षीय पुत्र मुकेश गौतम लखनऊ की एक प्लाई फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।
तहरीर के मुताबिक, 25 जून 2026 की सुबह करीब आठ बजे मुकेश अपने एक साथी को अमौसी रेलवे स्टेशन छोड़कर वापस कमरे पर लौट रहा था। इसी दौरान दरोगाखेड़ा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की मां ने बताया कि अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक क्रियाकर्म में व्यस्त रहने के कारण तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई जा सकी। अब उनकी तहरीर के आधार पर सरोजनीनगर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।







