बाराबंकी। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के 22वें स्थापना दिवस के मौके पर गल्ला मंडी प्रांगण में सर्वश्रेष्ठ व्यापारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता बब्बी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। उन्होंने व्यापार मंडल से जुड़े सभी पदाधिकारियों और व्यापारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में बेहतर काम करने, ईमानदारी के साथ कारोबार करने और सामाजिक जिम्मेदारियों में योगदान देने वाले 63 व्यापारियों को सर्वश्रेष्ठ व्यापारी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले व्यापारियों में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कारोबारी शामिल रहे। सम्मान मिलने पर व्यापारियों में उत्साह नजर आया और उन्होंने संगठन के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता बब्बी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल हमेशा व्यापारियों के हितों और उनके अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से भी एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों ने संगठन की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया। स्थापना दिवस के मौके पर हुए इस सम्मान समारोह ने उन व्यापारियों के योगदान को भी मंच दिया, जो कारोबार के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।





















