एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की प्रभात फेरी
स्कूली बच्चों को दिलाई गई सड़क सुरक्षा की शपथ, हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के प्रति किया जागरूक
चंदौली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन चंदौली में यातायात जागरूकता माह-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बच्चों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाने के साथ यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए करना चाहिए। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें और स्वयं भी उनका पालन कर उदाहरण प्रस्तुत करें।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला ने प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल और डीपीएस स्कूल के बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने परिवार के सदस्यों को बिना हेलमेट दोपहिया और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन नहीं चलाने दें। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली असमय मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है। क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने भी लोगों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की।
शुभारंभ के बाद पुलिस की मोबाइल वैन, पैंथर दस्ता और स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। इसके माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को पंपलेट वितरित कर हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन करने का संदेश दिया गया।
यातायात जागरूकता माह के दौरान जिले के स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रमुख चौराहों, बाजारों और बस स्टैंडों पर वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा। इसके अलावा दुर्घटना में घायलों की मदद करने और गोल्डन ऑवर के महत्व के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को स्कूल आते-जाते समय सावधानी बरतने, निर्धारित बस स्टॉप से ही बस में चढ़ने-उतरने, फुटपाथ पर चलने और सड़क पार करने से पहले दोनों तरफ देखकर आगे बढ़ने की सलाह दी। 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाने की हिदायत भी दी गई। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, यातायात प्रभारी प्रथम सत्य प्रकाश यादव, यातायात प्रभारी द्वितीय सुरेंद्र यादव, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।





















