मिठाई और फल वितरित कर जाना बुजुर्गों का कुशलक्षेम, स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना की
श्रावस्ती। दीपावली के पर्व पर बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें मिठाई एवं फल वितरित कर त्योहार की खुशियां बांटीं।
एसपी राहुल भाटी ने बुजुर्गों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं खुशहाल जीवन की कामना की। उन्होंने बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों के बारे में भी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों की इस आत्मीय पहल से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। दीपावली के अवसर पर श्रावस्ती पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना हो रही है।





















