सरोजनीनगर, लखनऊ: बंथरा थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव में किसी बात को लेकर एक युवक और नाबालिग के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान नाबालिग ने युवक पर कथित तौर पर तमंचा तान दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों ने नाबालिग को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
कहासुनी के बाद युवक पर ताना तमंचा
बताया गया कि हमीरपुर गांव में किसी बात को लेकर बंथरा निवासी अंकुर मौर्या और एक नाबालिग के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नाबालिग ने कथित तौर पर तमंचा निकालकर अंकुर मौर्या पर तान दिया। तमंचा देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग को पकड़ने का प्रयास किया और उसे दौड़ाकर दबोच लिया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंपा
स्थानीय लोगों ने नाबालिग को पकड़ने के बाद उसकी पिटाई कर दी और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाबालिग को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित अंकुर मौर्या की तहरीर के आधार पर आरोपी नाबालिग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना की परिस्थितियों और तमंचे से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।





















